दुनिया में जिस तरह अजीब लोग हैं, उसी तरह अजीब बीमारियां भी हो रही हैं। ये पूरी जनसंख्या के लिए चिंता की बात तो है ही, इनसे निपटना भी एक बड़ी चुनौती है। एक ऐसा वाकया चीन में सामने आया है, जिससे डॉक्टर भी हैरान है। सोती हुई महिला के कान में अचानक कुछ ऐसा हुआ, उसे अब मर्दों की आवाज़ ही नहीं सुनाई देती। चेन नाम की इस महिला को ये गंभीर समस्या हो गई है और वो खुद के बॉयफ़्रेंड की आवाज़ भी नहीं सुन पा रही है।
अचानक रात में चेन के कानों में कुछ घंटी सी बजी और कुछ देर बाद उल्टी भी आने लगी, जिसके बाद हियरिंग लॉस की समस्या हो गई। डॉक्टर ने चेन को बताया उन्हें लो-फ़्रीक्वेंसी की आवाज़ नहीं सुनाई देंगी। इस बीमारी को ‘रिवर्स-स्लोप हियरिंग लॉस’ का नाम दिया गया है।
डॉक्टरों की मानें तो ये एक बहरापन है, जो आंशिक तौर पर होता है। चूंकि पुरुषों की आवाज़ लो-फ़्रीक्वेंसी की होती है और वहीं महिलाओं की आवाज़ हाई-फ़्रीक्वेंसी की होती है। यही कारण है चेन सिर्फ़ महिलाओं की आवाज़ ही सुन सकती हैं। बता दें उन्हें मोबाइल की आवाज़, बिजली का कड़कना, गाड़ियों का हॉर्न और कई चीज़ों को सुनने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।
इस बीमारी के कारणों की पड़ताल करें तो ज़्यादा टेंशन, खराब लाइफ़स्टाइल, नींद के कम होने से सुनने की क्षमता कम हो जाती है। डॉक्टरों का कहना है दवा के साथ-साथ खुद का बेहतर ख्याल से भी ऐसी बीमारी को ठीक किया जा सकता है।