मशहूर कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग का शनिवार को गुड़गांव के मेदान्ता अस्पताल में निधन हो गया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 56 वर्षीय तैलंग ब्रेन ट्यूमर से पीडि़त थे। उनका जन्म राजस्थान के बीकानेर में हुआ था।
व्यंग्य विधा के अहम हस्ताक्षर सुधीर तैलंग ने वर्ष 1982 में मुम्बई में इलस्ट्रेटेड वीकली के साथ अपना करियर शुरू किया था। बाद में 1983 में वह नवभारत टाइम्स, दिल्ली से जुड़ गए। उन्होंने कई वर्ष तक हिन्दुस्तान टाइम्स अखबार में भी काम किया। बाद में वह टाइम्स इन्डिया और इन्डियन एक्सप्रेस अखबारों से भी जुड़े।
वह हाल तक द एशियन एज अखबार से जुड़े रहे थे। कार्टून विधा के प्रति उनके समर्पण को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2004 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
हाल ही में उनकी एक कार्टून पुस्तक प्रकाशित हुई थी, इसका नाम था नो, प्राइम मिनिस्टर। यह पुस्तक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आधारित थी। हम यहां सुधीर तैलंग के द्वारा रचित कुछ कार्टून्स प्रकाशित कर रहे हैं।