रणवीर सिंह के सितारे इन दिनों बुलंद है। पिछले साल जहां उनकी फिल्म पद्मावत साल की सबसे बड़ी हिट साबित हुई थी, वहीं साल के आखिर में रिलीज फिल्म सिम्बा ने भी ज़बर्दस्त कमाई की। सिम्बा की सफलता के साथ ही रणवीर ने एक बार फिर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा लिया है। बॉलीवुड में अपने अभिनय की धाक जमाने वाले रणवीर हॉलीवुड के लिए भी कई बार ऑडिशन दे चुके हैं, लेकिन अब तक उनके खाते में एक भी फिल्म नहीं आई है।
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जहां हॉलीवुड फिल्म से लेकर टीवी शो तक कर चुकी हैं, वहीं रणवीर की पत्नी दीपिका पादुकोण हॉलीवुड फिल्म XXX-द रिटर्न ऑफ जेंडर केज़ से डेब्यू कर चुकी हैं। शायद दीपिका से इंस्पायर्ड होकर रणवीर ने भी हॉलीवुड में किस्तम आज़माने की सोची और कई फिल्मों के लिए ऑडिशन दिए।
रणवीर ने अपनी ज़िंदगी का ये सीक्रेट शेयर किया एक मशहूर मैगज़ीन को दिए इंटरव्यू में। रणवीर ने कहा कि उन्हें कई फिल्मों के लिए सिलेक्ट भी किया गया, लेकिन शूटिंग शेड्यूल की वजह स बात नहीं बन पाई। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्होंने किन-किन फिल्मों के लिए ऑडिशन दिए थे और उनका रोल क्या था।
खैर हॉलीवुड न सही, बॉलीवुड में तो रणवीर छाए हुए हैं। सिम्बा की कामयाबी के बाद 14 फरवरी को उनकी फिल्म गली बॉय रिलीज होने वाली है। जिसमें रणवीर पहली बार एक रैपर के रोल में नज़र आएंगे। इस फिल्म में पहली बार रणवीर सिंह और आलिया की जोड़ी दिखेगी। रणवीर स्टारडम की रेस में वो अपनी जनरेशन के बाकी स्टार्स को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। उनकी ज़्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिज़नेस करती हैं। हॉलीवुड का तो पता नहीं, लेकिन उनके पास बॉलीवुड फिल्मों के कई ऑफर हैं।