डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम का दावा है कि विराट कोहली सहित कई अन्य क्रिकेटर्स उनकी वजह से सफल हुए हैं। यह दावा गुरमीत राम रहीम ने दरअसल वर्ष 2016 में किया था और अब उनका यह विडियो बड़ी संख्या में लोग शेयर कर रहे हैं। दरअसल, गुरमीत राम रहीम रेप के एक मामले में आरोपी हैं और आज अदालत उन पर फैसला सुनाने वाली है।
वर्ष 2016 में एक कार्यक्रम के दौरान गुरमीत राम रहीम ने दावा किया था कि विराट कोहली, शिखर धवन, युसुफ पठान सहित कई क्रिकेटर उनसे गुरु मंत्र लेकर गए हैं। यही नहीं उनका दावा है कि कोहली ने उन्हें टीम इंडिया में सेलेक्ट होने पर शुक्रिया भी अदा किया था।
यह विडियो आप यहां देख सकते हैं।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ साध्वी के यौन शोषण मामले में सीबीआई की विशेष अदालत का फैसला आज आएगा। इस मामले को लोकर हरियाणा और पंजाब में उनके लाखों समर्थक जुटे हुए हैं। सेना को पहले से अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही करीब 50 हजार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।
माना जा रहा है कि इस मामले में अगर गुरमीत राम रहीम के खिलाफ फैसला आता है तो उनके समर्थक हिंसा पर उतारू हो सकते हैं।