आपको शायद याद होगा कि करीब एक साल पहले मशहूर लेखिका शोभा डे ने ट्वीट कर एक पुलिसकर्मी के मोटापे का मजाक उड़ाया था। शोभा डे ने पिछले साल जोगावत की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था – ‘हेवी पुलिस बंदोबस्त इन मुंबई टुडे!’
उसी एक ट्वीट ने अब मध्य प्रदेश के इंस्पेक्टर दौलतराम जोगावत का जीवन बदल दिया है।
Heavy police bandobast in Mumbai today! pic.twitter.com/sY0H3xzXl3
— Shobhaa De (@DeShobhaa) February 21, 2017
इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया में लेखिका की जमकर आलोचन भी हुई थी। यहां तक कि शोभा डे के इस तंज कसने पर मुंबई पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा था- “मिस डे हमें मजाक पसंद है, लेकिन इस बार बिल्कुल अच्छा नहीं है। यह यूनिफॉर्म और यह पुलिसवाला हमारा नहीं है। हम आप जैसे जिम्मेदार लोगों से और भी बेहतर जिम्मेदारीपूर्ण रवैये की उम्मीद करते हैं।”
इस पूरे वाकये के बाद दौलतराम का वजन 65 किलो कम हो गया है। पहले उनका वजन 180 किलोग्राम था, जो कि अब घटकर 115 किलो हो गया है।
ये सब सर्जरी के कारण मुमकिन हो पाया। मुंबई के मशहूर सैफी हॉस्पिटल के डॉ. मुफ्फजल लकड़ावाला और उनके पांच सहयोगियों ने उनकी बैरियाटिक सर्जरी की। इस तरह से उनके शरीर में मौजूद अतिरिक्त चर्बी को निकाला गया।
यह ऑपरेशन तकरीबन 5 घंटे तक चला। दौलतराम जोगावत के मुताबिक, डॉक्टर ने उनसे सर्जरी के लिए कोई फीस तक नहीं ली।
अब डॉक्टरों की कोशिश दौलतराम के वजन को 80 से 85 किलो के बीच लाने की है।
जोगावत अब कई अन्य बीमारियों से भी छुटकारा पा चुके हैं। शुरुआत में जब वह अस्पताल लाये गए थे तो उन्हें हाइपरटेंशन, स्लीप ऐपनिया, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड शुगर और जोड़ों का दर्द सहित कई बीमारियां थीं। यह सारी समस्याएं उनके अधिक वजन के कारण थीं। लेकिन अब वजन कम होने के साथ ही उनकी सारी रिपोर्ट्स सामान्य हैं।
अपने कम वजन को लेकर दौलतराम काफी खुश हैं। वह शोभा डे से मिलकर उन्हें धन्यवाद कहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सर्जरी सिर्फ शोभा डे के ट्वीट की वजह से संभव हो सकी। अगर वह उनकी तस्वीर ट्वीट न करती तो शायद उनकी जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव नहीं आता।
वहीं, शोभा डे ने भी जोगावत के वजन कम होने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि उनके एक ट्वीट के वजह से उनकी जिंदगी बदल गई यह उनके लिए भी खुशी की बात है।