क्या कभी आपने ऐसा होते हुए सुना है कि किसी प्लेन ने 2018 में उड़ान भरी हो और वो 2017 में लैंड हुआ हो? लेकिन सच मानिए हकीकत में ऐसा हुआ है।
नए साल के मौके पर हवाईयन एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर HAL446 के मुसाफिरों के साथ ठीक ऐसा ही हुआ। वो उड़े तो नए साल में थे, मगर जहां जाना था वहां पहुंचे एक साल पीछे यानी 2017 में।
ऐसे में इन मुसाफिरों ने दो बार नया साल मना लिया। जानिए आखिर क्या है माजरा:
दरअसल, हवाईयन एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर HAL446 को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड से होनोलुलू जाने के लिए 31 दिसम्बर की रात 11 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी, लेकिन दस मिनट देरी की वजह से फ्लाइट अगले दिन यानी सोमवार सुबह न्यूजीलैंड के समयानुसार 12 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भर पाई। ऐसे में इस विमान ने उड़ान तो एक जनवरी को भरी, लेकिन ये विमान 31 दिसंबर की सुबह 10 बजकर 16 मिनट पर होनोलुलू लैंड हुआ।
ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि हवाई की राजधानी होनोलुलू ऑकलैंड से 23 घंटे पीछे है। यहां नए साल के दस्तक देने में पूरे 13 घंटे 44 मिनट का समय बाकी था। तो इस तरह से समय के फेर के कारण साल 2018 में उड़ान भरने वाला विमान साल 2017 में लैंड किया।