अमेरिका से चल रहे तनातनी के बीच उत्तर कोरिया कभी भी जापान पर परमाणु हमला कर सकता है। अमेरिका ने अपने दो विशाल जहाजी बेड़े कोरियाई प्रायद्वीप पर भेज रखे हैं और माना जा रहा है कि युद्ध की स्थिति में उत्तर कोरिया जापान पर हमला कर सकता है।
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जॉन्ग उन का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर अपने देश को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाएंगे। इसके लिए उत्तर कोरिया प्रत्येक पखवाड़े में परमाणु आयुध युक्त मिसाइल का परीक्षण करता रहा है।
जापान ने किसी भी संभावित मिसाइल हमले से बचने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जापान ने संभावित खतरे के समय इवैकुएशन ड्रिल (लोगों को निकालने की तैयारी) शुरू की है। इस ड्रिल का मकसद लोगों को संभावित हमले की आशंका के प्रति जागरूक करना है। उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइल को जापान के तटीय क्षेत्रों तक पहुंचने में सिर्फ 10 मिनट का वक्त लगेगा। जापान के अधिकारियों ने देश की जनता को संभावित खतरे के प्रति आगाह किया है।
नागरिकों को सूचित किया गया है कि मिसाइल हमला होने की स्थिति में सिर्फ 10 मिनट पहले ही उन्हे इस बात की सूचना दी जाएगी। यही वजह है कि न केवल नागरिकों को तैयार रहना होगा, बल्कि किसी भी विपरीत स्थिति में खुद का बचाव करना होगा। इसके अलावा जापान सरकार ने “सशस्त्र हमलों और आतंकवाद” से बचने के लिए एक गाइड भी प्रकाशित की है।