राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ हमारा गौरव और सम्मान है। भारत के इतिहास और परंपरा को दर्शाता राष्ट्रगान हर हिंदुस्तानी की रगों में जोश का संचार कर देता है।राष्ट्रध्वज की ही तरह राष्ट्रगान भी भारत की आन-बान और शान का प्रतीक है, जिसके सम्मान में हर हिंदुस्तानी खड़ा हो जाता है। वैसे तो आपने अब तक कई मौकों पर राष्ट्रगान सुना होगा, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही राष्ट्रगान की धुन काफी अलग है। आप भी ‘जन गण-मन’ के इस नए वर्जन को सुनगर कुछ देर के लिए सब-कुछ भूल जाएंगे।
जन-गण-मन की ये नई धुन पियानों पर तैयार की गई है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इससे पहले किसी ने भी पियानो पर राष्ट्रगान की इतनी खूबसूरत धुन नहीं बनाई। 1 अगस्त को यूट्यूब पर जारी किए जाने के बाद, इसे अब तक 41 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
यूट्यूब पर दुनिया के किसी भी देश के राष्ट्रगान के सिंगल विडियो को इससे पहले इतने बड़े पैमाने पर देखा- सुना नहीं गया है। उस लिहाज से देखा जाए तो भारत का राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ अब एक नया कीर्तिमान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
इस धुन को संगीतकार और पियानिस्ट श्यान इटालिया ने तैयार किया है। मुंबई के रहने वाले श्यान ने इस धुन को इतनी खूबसूरती से बनाया है कि इसे सुनकर किसी भी भारतीय के अंदर देशभक्ति का भाव जाग जाएगा। इस धुन को श्यान ने भारत मां के साथ-साथ अपनी मां को भी समर्पित किया है, जो कुछ वर्ष पहले कैंसर का शिकार हो गई थीं। बताया जा रहा है कि विडियो को दुनिया के सबसे भव्य पियानो पर शूट किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले देश को एकजुट करने की श्यान की पहल सराहनीय है। उनकी इस धुन और देशप्रेम को हमारा सलाम।