ऊंचे खूबसूरत पहाड़ और हरियाली से घिरे भारत के छोटे से राज्य सिक्किम की खूबसूरती किसी को भी अपनी ओर आकर्षित करने के लिए काफी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश की आज़ादी के सालों बाद सिक्किम भारत का हिस्सा बना। दरअसल, सिक्किम में राजशाही थी। 1890 में ये ब्रिटिश राज में भारत की एक रियासत बना और 16 मई 1975 में जनमत संग्रह के बाद सिक्किम को भारत के 22वें राज्य के रूप में मान्यता मिली और तभी से 16 मई को सिक्किम दिवस के रूप में मनाया जाता है।
चलिए आपको बताते हैं सिक्किम से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
1. राजशाही
भारतीय राज्य का हिस्सा बनने से पहले सिक्किम में नामग्याल राजवंश का शासन था। इस राजवंश के संस्थापक तिब्बत से सिक्किम आए थे।
2. आखिरी राजा
भारत में शामिल होने से पहले इस पवर्तीय राज्य का आखिरी चोग्याल यानी राजा थाल्डन थोंडुप नामग्याल था, वो इस वंश के 12वें राजा थे।
3. संरक्षित स्थिति
भारत की आज़ादी के 30 साल तक सिक्किम अपनी संरक्षित स्थिति बनाए रखने में कामयाब रहा। ब्रिटिश हूकूमत के जाने के बाद एकमात्र बदलाव यह हुआ कि रॉयल कोर्ट में ब्रिटिश की जगह भारतीय लोग राजनीतिक और प्रशासनिक काम करने लगे।
4. राजशाही और आम जनता
सिक्किम के शासक जोग्याल भूटिया-लेपचा समुदाय के थे। दिलचस्प बात यह है कि वे अल्पसंख्यक समुदाय का हिस्सा थे फिर भी शासक की भूमिका में रहे। आज तक सिक्किम की 75 प्रतिशत आबादी नेपाली है।
5. आखिरी राजा ने दी थी चुनौती
सिक्किम के अंतिम राजा ने काठमांडू यात्रा के दौरान 1974 में हुए उस संविधान संसोधन को चुनौती दी जिसके कारण सिक्किम भारत का हिस्सा बना था।
6. धर्म
इस राज्य की 57.8 प्रतिशत आबादी हिंदू धर्म को मानती है। 27.3 प्रतिशत लोग वज्रयान बौद्ध धर्म को मानने वाले हैं और 10 प्रतिशत लोग ईसाई धर्म को मानते हैं। इस्लाम और जैन धर्म को मानने वाले सिर्फ 1 फीसदी लोग हैं।
7. सीमा
इस राज्य का बॉर्डर यानी सीमा तीन देशों से सटी है, चीन, नेपाल और भूटान। देश के अंदर इसकी सीमा पश्चिम बंगाल से लगी है।
8. भाषा
यहां कई जाति के लोगों के रहने के कारण भाषाए भी कई बोली जाती हैं। वर्तमान में यहां 11 भाषाएं बोली जाती हैं। अंग्रेज़ी राज भाषा है। इसके अलावा नेपाली, हिंदी, लेपचा, सिक्किमीस, सुनवरस मगर, लींबू शेर्पा, तमांग और नेवारी अन्य बोली जाने वाली भाषाएं हैं।
9. सात बहनों का भाई
भारत के सात उत्तर-पूर्वी राज्यों को सात बहनों के रूप में जाना जाता है जिसमें अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय शामिल हैं। सिक्किम को इन राज्यों का भाई कहा जाता है, क्योंकि यह भौगोलिक रूप से इन राज्यों से बिल्कुल अलग है और जातीय रूप से भी अन्य राज्यों से गहरा रिश्ता नहीं है।
10. बर्फबारी
सिक्किम देश के उन चुनिंदा जगहों में से एक हैं जहां हमेशा बर्फ गिरती रहती है। आप अगर बर्फबारी का आनंद लेना चाहते हैं तो छुट्टियों में सिक्किम घूम आइए।
11. राज्य का प्रतीक
हर राज्य की तरह सिक्किम के भी कुछ प्रतीक या चिन्ह हैं। रोडोडेंड्रन यहां का मुख्य पेड़ है और रेड पांडा को राजकीय पशु माना जाता। यहां की खास वनस्पतियों की भी रक्षा की जा रही है।
12. सिक्किम का अर्थ
सिक्किम’ शब्द दो लिंबू शब्तों सु (नया) और ख्यिम (महला/घर) से मिलकर बना है। यानी इसकी मतलब है नया घर या महल। तिब्बती भाषा में सिक्किम को “चावल की घाटी” कहा जाता है।