बॉलीवुड में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की केमिस्ट्री काफी जबरदस्त रही है। इस रोमांटिक जोड़ी को फैंस ऑनस्क्रीन के साथ ऑफस्क्रीन भी काफी पसंद करते आए हैं। लंबे समय से दीपिका और रणवीर की लव लाइफ बी-टाउन का हॉट टॉपिक बनी हुई थी। दोनों की शादी की चर्चा ने उस वक्त जोर पकड़ा जब इस साल की शुरुआत में उनकी सगाई की खबरें आईं। अब आखिरकार यह जोड़ी शादी के बंधन में बंधने जा रही है। दोनों की शादी की कन्फर्म तारीख भी तय हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि दीपिका और रणवीर इसी साल 20 नवंबर को शादी करने वाले हैं। खबरें है कि अनुष्का और विराट की ही तरह इन दोनों ने भी डेस्टिनेशन वेडिंग करने का मन बनाया है। विरुष्का की तरह ये दोनों भी शादी को मीडिया की लाइमलाइट से दूर ही रखना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने शादी के लिए इटली को चुना है।
ये शादी इटली के लेक कोमो में होगी। आपको बता दें कि लेक कोमो इटली का तीसरा सबसे बड़ा लेक हैं। यह रणवीर और दीपिका के फेवरेट लोकेशन्स में से एक है। आल्प्स पहाड़ियों की तलहटी पर बसा ये लेक टूरिस्ट के बीच काफी लोकप्रिय है। यही वजह है कि दोनों ने इसे अपना वेडिंग वेन्यू चुना है।
रणवीर और दीपिका के लिए ये शादी काफी खास है, इसलिए शादी में करीबी दोस्तों और परिवार वालों को ही शामिल गया जाएगा। बताया जा रहा है कि शादी में कुल 30 सदस्य ही होंगे।
यह शादी दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों के साथ होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इटली में शादी के बाद मुंबई में दोनों की एक ग्रैंड रिसेप्शन होगी, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी।
हाल ही में एक्टर कबीर बेदी ने दीपीका और रणवीर को शादी की बधाई दी है। हालांकि, शादी के बारे में दीपिका और रणवीर या फिर उनके परिवार वालों ने अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।