ग्लैमर और चकाचौंध से भरा बॉलीवुड कमाई के मामले में भी बहुत आगे है। लाखों लोग एक्टर-एक्ट्रेस बनने का सपना संजोए मायानगरी आते हैं, मगर हर किसी का सपना पूरा नहीं हो पाता। बॉलीवुड में एंट्री मिलना आसान नहीं है, लेकिन जिसे एक बार मौका मिल जाता है उसकी किस्मत चमक जाती है। आज के सुपरस्टार जिनकी एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं, कभी उन्होंने भी बॉलीवुड में आने के लिए बहुत संघर्ष किया, लेकिन एक बार पैर जमाने के बाद वो दिन दुगनी रात चौगुनी तरक्की करते गए और आज ये सितारे करोड़ों के मालिक बन गए हैं। चलिए आज हम आपको बॉलीवुड के 10 अमीर सितारों की संपत्ति के बारे में बताते हैं।
शाहरुख खान
बॉलीवुड के ‘किंग ऑफ़ रोमांस’ शाहरुख खान ने छोटे पर्दे के एक धारावाहिक से अपने करियर की शुरुआत की थी। कभी मुंबई की सड़कों पर दिन-रात बिताने वाले शाहरुख आज बॉलीवुड के सबसे अमीर स्टार हैं, वो 600 मिलियन डॉलर संपत्ति के मालिक हैं।
अमिताभ बच्चन
सदी के महानायक अमिताभ के लिए भी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना आसान नहीं रहा। उन्हें भी बहुत संघर्ष करना पड़ा है, मगर आज अमिताभ बॉलीवुड के दूसरे सबसे अमीर एक्टर हैं। उनके पास 402 मिलियन डॉलर की संपत्ति है।
सलमान खान
इन दिनों सलमान खान बिग बॉस-12 के होस्ट बनने की वजह से खूब चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शो के हर एपिसोड के लिए सलमान 14 करोड़ रुपए लेंगे। यही नहीं उनकी फ्लॉप फिल्में भी 100 करोड़ की कमाई कर लेती है तो आप समझ ही सकते हैं कि सलमान के पास कितनी दौलत होगी। बॉलीवुड के दबंग 200 मिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
अक्षय कुमार
खिलाड़ी कुमार ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले बहुत संघर्ष किया है, लेकिन अब उनकी गिनती सबसे सफल अभिनेताओं में होती है। अक्षय कुमार की कुल संपत्ति 180 मिलियन डॉलर है।
आमिर खान
मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान जल्द ही फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में नज़र आने वाले हैं। वो साल में एक ही फिल्म करते हैं, मगर उनकी एक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बाकी फिल्मों की छुट्टी कर डालती है, तो जाहिर है उनके पास भी अच्छी खासी संपत्ति होगी। आमिर के पास करीब 185 मिलियन डॉलर की संपत्ति है।
धर्मेन्द्र
गुजरे ज़माने के मशहूर अभिनेता धर्मेन्द्र कमाई के मामले में अपने बेटों से कहीं आगे हैं। आज वो 70 मिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
रणबीर कपूर
बॉलीवुड के चॉकलेटी ब्वॉय रणवीर कपूर बॉलीवुड के सबसे बड़े फिल्मी खानदान से ताल्लुक रखते हैं और वो आज की जनरेशन के सबसे कामयाब एक्टर्स में से एक हैं। उनके पास कुल की संपत्ति है।
जॉन अब्राहम
बॉलीवुड के मैचोमैन जॉन अब्राहम की गिनती भी बॉलीवुड के अमीर अभिनेताओं में होती है। फुटबॉल और बाइक के शौकान जॉन के पास 55 मिलियन डॉलर की संपत्ति है।
इरफान खान
बेहतरीन अभिनेता इरफान खान इन दिनों अपनी बीमारी के इलाज के लिए न्यूयॉर्क में हैं, जिसकी वजह से उनकी फिल्में अधर में लटकी हुई है। उनके फैंस को उम्मीद है कि इरफान जल्द ही ठीक होकर फिर से बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करेंगे। इरफान के पास 50 मिलियन डॉलर की संपत्ति है।
ऋतिक रोशन
बॉलीवुड के हैंडसम हंक ऋतिक रोशन भले ही आजकल फिल्मों में नज़र नहीं आ रहे हों, मगर अक्सर वो विज्ञापनों में नज़र आ ही जाते हैं। इस हैंडसम हीरो के पास 45 मिलियन डॉलर की संपत्ति है।