भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां विदेशों से भी पर्यटक सैर करने आते हैं। इन जगहों की असीम प्राकृतिक खूबसूरती देखते ही बनती है। सैर- सपाटे के लिहाज़ से देखा जाए तो भारत में कई पर्यन स्थलों पर जाया जा सकता है, लेकिन हम आज आपका परिचय भारत की कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों से कराने जा रहे हैं, जिसके बारे में लोग जानते तो हैं, मगर हर कोई अपने जीवन में यहां की सैर नहीं कर पाता, अगर आपको मौका मिले तो यहां की प्राकृतिक खूबसूरती को ज़रूर निहार आएं। इन खूबसूरत जगहों का सौंदर्य किसी को भी मोहित कर सकता है।
जैसलमेर के रेतीले टीलों पर ऊंट की सवारी
जैसलमेर रेत के टीलों के लिए मशहूर है। रेत पर ऊंट की सफारी का आनंद लेना चाहते हैं तो एक बार जैसलमेर जरूर जाएं। इसके साथ ही यहां आपको गांव की रंग-बिरंगी खूबसूरती भी दिखेगी।
मुन्नार के चाय बगानों की खूबसूरती देखते ही बनती है
अंग्रेज़ी हुकूमत के समय मुन्नार ब्रिटिश सरकार का समर रिज़ॉर्ट हुआ करता था। मुन्नार बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है और ये भारत की सबसे सुंदर जगहों में से एक है।
होगेनक्कल फॉल्स, जिसे भारत का नियाग्रा फॉल्स भी कहा जाता है
इसे भारत का नियाग्रा फॉल्स भी कहा जाता है। घने जंगलों से घिरा ये जलप्रपात (फॉल्स) बेहद आकर्षक लगता है। कावेरी नदी के बीच-बीच में पत्थर इसे और खूबसूरत रूप देते हैं। झरने के पानी के गिरने की कुदरती आवाज़ आपको रोमांचित कर देगी।
धरती का स्वर्ग है कश्मीर
मशहूर फारसी कवि अमीर खुसरो ने कश्मीर के बारे में कहा था, ‘धरती पर यदि कहीं स्वर्ग है तो यही हैं, यहीं है, यहीं है।’ कश्मीर की खूबसूरती के बारे में कुछ कहने की ज़रूरत नहीं है, हर कोई इससे अच्छी तरह वाकिफ है। पहलगाम, गुलमर्ग और श्रीनगर कश्मीर की सबसे सुंदर जगहों मे से एक हैं।
प्राकृतिक मणि के नाम से प्रख्यात, चेरापूंजी
देश में सबसे ज़्यादा बारिश वाला स्थान है चेरापूंजी और ये बहुत खूबसूरत है। इसे प्राकृतिक मणि भी कहा जाता है। मॉनसून लवर्स के लिए ये बेहतरीन जगह है। यहां लिविंग रूट ब्रिज है। यानी पेड़ की शाखों से बना ब्रिज। ऐसा ब्रिज आपको पूरे देश में कहीं और नहीं मिलेगा।
क्या आपने देखा 500 से भी ज्य़ादा द्वीपों वाला अंडमान-निकोबार?
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह एक अनसुलझी पहेली की तरह है। अंडमान-निकोबार बंगाल की खाड़ी तक बड़े पैमाने पर फैला हुआ है। 500 से भी ज़्यादा द्वीपों वाले अंडमान-निकोबार में आपको वनस्पति और जीवों की ढेरों प्रजाति मिल जाएगी। देश के इस सबसे खूबसूरत द्वीप को देखने हर साल सैलानियों की भीड़ जुटती है। यहां का हर द्वीप अपने आप में अलग और बहुत ही खास है।
फूलों की घाटी, नंदा देवी नेशनल पार्क, उत्तराखंड
नंदा देवी नेशनल पार्क को यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। देश की दूसरी सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला नंदा देवी से घिरे इस राष्ट्रीय उद्यान की खूबसूरती देखते ही बनती है। बर्फ से ढंके पहाड़, ढेर सारे खूबसूरत फूल और सुहाना मौसम यहां आने वालों को एक सुकून का एहसा कराता है। इसे फूलों की घाटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां आपको वनस्पति और जीवों की ढेरों प्रजाति देखने को मिलेगी।
लेह-लद्दाख की यात्रा आपके लिए यादगार हो सकती है
ऊंचाई पर बसे लेह-लद्दाख की सैर आपके जीवन की यादगार यात्राओं में से एक हो सकती है। साफ वातावरण, ऊंचे-ऊंचे बर्फ से ढंके पहाड़, खूबसूरत मठ और साफ पानी की झीलें देखकर आपको अपनी आंखों पर यकीन नहीं होगा कि इतनी सुंदर जगह अपने ही देश में मौजूद है। रोमांच के शौकीनों के लिए लेह-लद्दाख बेहतरीन जगह है।
प्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज़ है सिक्किम की यमथांग वैली
हिमालय की गोद में बसी युमथांग वैली प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है। यहां की कुदरती खूबसूरती देखकर यकीनन आप इस जगह से मोहित हो जाएंगे और यहां के यादगार लम्हें लंबे समय तक आपके जहन में ताज़ा रहेंगे । पेड़ों से ढके पहाड़, साफ-निर्मल नदी, फूलों की ढेर सारी किस्में आपको यहां दिख जाएंगी। प्रकृति से प्रेम करने वालों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
रण ऑफ कच्छ का लोकप्रिय रण उत्सव
रण ऑफ कच्छ से सूर्यास्त का नज़ारा बहुत खूबसूरत दिखता है। चांद की रोशनी में रेगिस्तान में फैला नमक चांदी की तरह चमकता है। मॉनसून में जब ये रेगिस्तान पानी से भर जाता है, तब इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। हर साल सर्दी के मौसम में यहां रण उत्सव मनाया जाता है, जिसे देखने के लिए देश के कोने-कोने से लोग यहां इकट्ठा होते हैं।